शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कीरतपुर में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान भागीरथ पंथी, पिता राजकुमार पंथी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि भागीरथ मंगलवार रात करीब 8:30 बजे घर पहुंचा था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पत्नी के मायके में रहने की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भागीरथ की पत्नी फिलहाल अपने मायके राहतगढ़ में रह रही थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह परेशान रहता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसे मौत का निश्चित कारण नहीं माना है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को बेगमगंज सिविल अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दो वर्ष का बेटा, परिवार में पसरा मातम
भागीरथ के परिवार में उसकी मौत के बाद मातम का माहौल है। मृतक का करीब दो वर्ष का एक पुत्र भी है। उसकी पत्नी का मायका राहतगढ़ बताया जा रहा है।
पुलिस अब मृतक की परिस्थितियों, पारिवारिक स्थिति और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।