शनिवार को दीवानगंज में लगेगा जिला स्तरीय जन विश्वास कैंप, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर होगा समाधान
एसडीएम मनीष शर्मा ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का किया निरीक्षण, बिजली-पानी से लेकर राजस्व और पेंशन तक की समस्याओं के निराकरण की तैयारी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आगामी शनिवार को दीवानगंज में भव्य जिला स्तरीय जन विश्वास कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में ग्रामीण दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, सरार, कयामपुर, संग्रामपुर, मुस्काबाद, गिदगढ़, सहित अंचल के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
कैंप की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा सहित स्थानीय तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की टीम दीवानगंज पहुंची। अधिकारियों ने संभावित आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान मंच, ग्रामीणों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छाया, पार्किंग तथा विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने के स्थान को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एक ही जगह मिलेंगे कई विभागों के अधिकारी
प्रशासन के अनुसार जन विश्वास कैंप का उद्देश्य ग्रामीणों की रोजमर्रा से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है। कैंप में बिजली, पानी, राजस्व, पेंशन, राशन, सड़क सहित अन्य बुनियादी समस्याओं से जुड़े मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रखा जा सकेगा। वहीं सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों से आवेदन भी लिए जाएंगे, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया मौके से ही शुरू की जा सके।
ग्रामीणों की सुविधा से कोई समझौता नहीं
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनीष शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कैंप में आने वाले ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने छाया, पेयजल, बैठने और पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करने को कहा, ताकि कैंप में आने वाले लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत दीवानगंज के सरपंच गिरजेश नायक, सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह, दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, क्षेत्रीय पटवारी, सुरेश शर्मा पंचायत सचिव रामप्रसाद मालवीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने क्षेत्र के ग्रामीणों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय जन विश्वास कैंप में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखें और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।