– सेवानिवृत्ति पर श्री निहालचंद नायक का भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह सैकड़ों लोग हुए शामिल
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
शासकीय माध्यमिक विद्यालय पड़रिया गंज के शिक्षक श्री निहालचंद नायक की सेवानिवृत्ति पर विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत सिंह मीणा सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, शिक्षकों, परिजनों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर श्री नायक को सम्मानपूर्वक विदाई दी।

हर वर्ग के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति ने समारोह को भव्य और आत्मीय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री नायक ने अपनी माता श्रीमती फूलबाई नायक का आशीर्वाद लेकर की। विद्यालय में आयोजित विदाई कार्यक्रम के बाद श्री नायक को रैली के रूप में मातृश्री गार्डन समारोह स्थल तक लाया गया। यहां सैकड़ों लोगों ने फूलमाला, शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। समारोह में परिजनों द्वारा श्री नायक के जीवन और सेवायात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण किया गया।
वीडियो में उनके बचपन से लेकर शिक्षकीय सेवा और सामाजिक जीवन की झलक दिखाई गई, जिसे देखकर परिजन भावविभोर हो उठे। उनके भाई वीरेंद्र नायक एवं मनोज नायक ने उनके जीवन-वृत्त एवं व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर जिपं अध्यक्ष यशवंतसिंह मीणा ने कहा कि व्यक्तित्व एवं कृतित्व से उत्कृष्ट शिक्षक का समाज में महान स्थान होता है तथा श्री नायक में वे सभी गुण विद्यमान हैं। नप अध्यक्ष जिनेश सिंघई, मंडल अध्यक्ष संजय जैन, वरिष्ठ नेता प्रकाश पठ्या, संजीव राय एडवोकेट एवं साहू समाज अध्यक्ष सुरेशचंद नायक ने श्री नायक के व्यक्तित्व को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि उत्कृष्ट शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों से समाज में लंबे समय तक अपनी पहचान बनाए रखते हैं।

विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। समारोह में गायक नवीन व्यास ने विदाई गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया। सेवानिवृत्त शिक्षक श्री नायक ने अपने कृतज्ञता उद्बोधन में मिले सम्मान, स्नेह और शुभकामनाओं के लिए सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।