भोपाल । युनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) में हिन्दी के प्रचार-प्रसार में संलग्न यू.के. हिन्दी समिति के समूह ने 19 अगस्त को माधवराव सप्रे स्मृति समाचारपत्र संग्रहालय का अवलोकन किया। समिति की अध्यक्ष सुश्री सुरेखा चोफला सप्रे संग्रहालय में संग्रहीत प्रचुर संदर्भ संपदा देखकर अभिभूत हो गईं।
उनकी प्रतिक्रिया रही- यह संस्थान जिज्ञासुओं की ज्ञानपिपासा का समाधान करने में असाधारण भूमिका निभा रहा है। सुरेखा जी की अगुआई में यू.के. के प्रतिभाशाली हिन्दी विद्यार्थियों का समूह भारत आया हुआ है। समूह ने सर्पप्रथम दुर्लभ संदर्भ सामग्री का अवलोकन किया। पश्चात हिन्दी पत्रकारिता के दो सौ साल के इतिहास के प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं की प्रदर्शनी (पी.पी.टी.) देखी। संस्थापक विजयदत्त श्रीधर से सवाल-जवाब किए। सप्रे संग्रहालय की ओर से प्रबंधक विवेक श्रीधर ने हिन्दी पत्रकारिता द्विशताब्दी के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा जारी विशेष डाक टिकट का एल्बम सुरेखा जी को भेंट किया। खीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के डा. अरुण पाण्डेय, शोध निदेशक डा. मंगला अनुजा, प्रशासनिक अधिकारी साधना देवांगन, लाइब्रेरियन गोल्डी पाण्डेय ने समूह का मार्गदर्शन किया।