कक्षाओं में पहुंचकर परखी विद्यार्थियों की विषयवार समझ, पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था की ली जानकारी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज में रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। एसडीएम के अचानक विद्यालय पहुंचने से स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों में सक्रियता दिखाई दी। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और विषयवार सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनीष शर्मा ने विद्यार्थियों से अलग-अलग विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने बच्चों की विषयों को लेकर समझ, पढ़ाई के स्तर और कक्षा में कराई जा रही शिक्षण गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों से सवाल-जवाब के माध्यम से उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें पाठ्यक्रम की कितनी समझ है और कक्षाओं में पढ़ाई किस तरह कराई जा रही है।
एसडीएम ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था का जमीनी स्तर पर जायजा लेते हुए विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं और सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ संवाद कर पढ़ाई के प्रति रुचि और सीखने की क्षमता को समझने का प्रयास किया।
अचानक निरीक्षण से मचा हड़कंप
एसडीएम के औचक निरीक्षण से विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों में भी हलचल रही। अधिकारियों के सीधे कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सवाल करने से स्कूल में पढ़ाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आई। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की पढ़ाई और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेना रहा।
एसडीएम के इस निरीक्षण को स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।