मूसलधार बारिश ने मचाई तबाही, घरों में घुसा पानी, सेमरा स्कूल 3 फीट तक जलमग्न, 24 लाख की पुलिया का हिस्सा बहा
10 घंटे की लगातार बारिश से दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा और बालमपुर में बिगड़े हालात; ग्रामीण सुबह से पानी निकालने में जुटे, एयरफोर्स कैंप भी पानी से घिरा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
क्षेत्र में हुई मूसलधार बारिश ने सुबह होते-होते दीवानगंज क्षेत्र के कई गांवों में तबाही मचा दी। करीब 10 घंटे तक हुई तेज बारिश से दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, बालमपुर, कुलहड़िया सहित आसपास के कई गांवों में जगह-जगह जलभराव हो गया। कई ग्रामीणों के घरों में बारिश का पानी घुसने से घरेलू सामान और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है। सुबह होते ही ग्रामीण पानी की निकासी के लिए जद्दोजहद करते नजर आए।
दीवानगंज निवासी ओमप्रकाश साहू, कुलहड़िया निवासी इंजुमला हक और सेमरा निवासी अफजल खान सहित आसपास के कई आसपास के कई ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया। अचानक घरों में पानी भरने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवारों को घर से पानी निकालने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

पीएम श्री स्कूल सेमरा में भरा दो से तीन फीट पानी
बारिश का सबसे ज्यादा असर पीएम श्री हाई स्कूल सेमरा में देखने को मिला। स्कूल परिसर में करीब दो से तीन फीट तक पानी भर गया। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के पास से दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों का बारिश का पानी होकर गुजरता है। तेज बारिश के कारण बड़ी मात्रा में पानी स्कूल परिसर में पहुंच गया।
खास बात यह है कि स्कूल भवन का निर्माण करीब तीन वर्ष पहले ही एक करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से कराया गया था। इतनी कम अवधि में स्कूल परिसर में इस तरह का जलभराव होने से जल निकासी व्यवस्था और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

24 लाख की पुलिया एक तरफ से कटी, आवागमन प्रभावित
भारी बारिश के कारण अंबाडी को हाईवे-18 से जोड़ने वाली करीब 24 लाख रुपए की लागत से निर्मित पुलिया भी प्रभावित हुई। तेज बहाव के कारण पुलिया का एक हिस्सा एक तरफ से कट गया, जिसके चलते इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन रुक गया। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान पानी का बहाव इतना तेज था कि पुलिया के आसपास की मिट्टी और सड़क का हिस्सा भी बह गया। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ सकती है।
बालमपुर एयरफोर्स कैंप में भी भरा पानी
भारी बारिश का असर बालमपुर स्थित एयरफोर्स कैंप में भी देखने को मिला। कैंप परिसर में पानी भरने की जानकारी सामने आई है। वहीं क्षेत्र के कई निचले इलाकों में पानी जमा होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

सुबह से पानी निकालने में जुटे ग्रामीण
रातभर हुई बारिश के बाद सुबह जब ग्रामीण घरों से बाहर निकले तो कई स्थानों पर जलभराव का भयावह दृश्य नजर आया। लोग अपने घरों और आसपास जमा पानी को निकालने के लिए बाल्टी, मोटर पंप सहित अन्य साधनों का सहारा लेते नजर आए।
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों से आने वाले बारिश के पानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार तेज बारिश में निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन जाती है। इस बार करीब 10 घंटे की भारी बारिश ने समस्या को और गंभीर कर दिया।
भारी नुकसान का अनुमान
लगातार हुई बारिश से क्षेत्र में फसल, मकान, सड़क और पुलिया सहित अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। कई स्थानों पर जलभराव और तेज बहाव के कारण स्थिति बिगड़ गई। ग्रामीण प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।
बारिश ने एक बार फिर क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन प्रभावित गांवों में कितनी तेजी से राहत और बचाव कार्य शुरू करता है तथा क्षतिग्रस्त पुलिया और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कब तक किया जाता है।