दूसरे सावन सोमवार पर 12 वर्षों से जारी कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
सावन के दूसरे सोमवार पर सिद्ध शिवालय धाम कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में कांवड़ यात्रा निकाली गई।
नर्मदा घाट बोरास से पवित्र जल लेकर कांवड़िए भगवान शिव के जयकारों के साथ सिद्ध शिवालय धाम पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का नर्मदा जल से जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।
सिद्ध शिवालय धाम से करीब 12 वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। सोमवार को कांवड़ियों के नगर में प्रवेश करने पर जगह-जगह स्वागत किया गया। कांवड़ियों के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपालसिंह राजपूत भी कांवड़ियों के स्वागत के लिए पहुंचे। उन्होंने नगर में प्रवेश पर कांवड़ियों का स्वागत किया और सिद्ध शिवालय धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से आशीर्वाद लिया और कांवड़ियों से मुलाकात की।
इस दौरान सिद्ध शिवालय धाम में चल रही सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा कथा में भी पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत सम्मिलित हुए। उन्होंने कथा स्थल पर पूजा-अर्चना की और कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि पुष्पेंद्र ठाकुर, नगर मंडल अध्यक्ष अजय जाट, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी दुबे सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।