सीके पारे रायसेन
जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रायसेन समेत कई इलाकों में तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है। मौसम विभाग ने भी मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
सबसे चिंता की तस्वीर बेगमगंज तहसील से सामने आई है, जहां उफनते नालों के किनारे लोग रील बनाने और सेल्फी लेने के लिए पहुंच रहे हैं। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं।
बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नाले और पुल-पुलियाएं बेहद खतरनाक हो जाते हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पानी के तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने और सोशल मीडिया के लिए रील या सेल्फी बनाने से बचें।
इधर, मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 11 से 13 अगस्त के बीच नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश और बढ़ सकती है।
प्रशासन के लिए भी चुनौती बढ़ गई है कि बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जाए और लोगों को खतरनाक जगहों से दूर रखा जाए। रायसेन में बारिश का कहर, उफनते नालों के बीच जान जोखिम में डाल रहे लोग।