बिना हेलमेट व अधूरे दस्तावेज वालों पर सख्ती,
दीवानगंज पुलिस चौकी के सामने चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप, कई चालकों ने बदले रास्ते
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल–विदिशा हाईवे-18 पर मंगलवार शाम दीवानगंज पुलिस ने यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। दीवानगंज पुलिस चौकी के सामने चलाए गए इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, अधूरे दस्तावेज रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच करते हुए 10 चालान बनाए तथा समन शुल्क के रूप में 3,900 रुपये वसूल किए। कार्रवाई की भनक लगते ही हाईवे पर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई चालक पुलिस को देखकर वैकल्पिक रास्तों से निकलने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान विशेष रूप से बिना हेलमेट चल रहे दोपहिया वाहन चालकों, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले चारपहिया चालकों और आवश्यक दस्तावेज साथ नहीं रखने वालों की जांच की गई। पुलिस ने कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। कई फोर व्हीलर चालक दूर से ही पुलिस को देखकर सीट बेल्ट बांधते नजर आए।
अभियान के दौरान सलामतपुर थाना प्रभारी श्याम राज सिंह, दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, एएसआई रामकिशोर यूइके, पुष्पेंद्र सिंह, संदीप सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा। सलामतपुर थाना प्रभारी श्याम राज सिंह और दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।