बेसर तलाई में गूंजे जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे, भव्य कलश यात्रा के साथ हनुमान मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम बेसर तलाई में नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे गांव में “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष गूंजते रहे।
कलश यात्रा माता मंदिर से विधि-विधान के साथ प्रारंभ हुई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होकर नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे, वहीं जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पूरे गांव का माहौल भक्तिमय नजर आया।
मंदिर परिसर में तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान विद्वान पंडित शिवनारायण भार्गव,आचार्यों के सान्निध्य में हनुमंत कथा, हवन, पूजन-अर्चन एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। श्रद्धालु बड़ी संख्या में कथा श्रवण कर धार्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

आयोजन समिति के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति के साथ श्री हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी, जिसमें आसपास के कई गांवों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद मंगलवार को श्री सत्यनारायण भगवान की कथा एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रवासियों को प्रसादी ग्रहण कराई जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि नवनिर्मित श्री हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा गांव के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर है। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीण दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। पूरे गांव को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे बेसर तलाई इन दिनों पूरी तरह धर्ममय वातावरण मैं रंग हुआ है।