रायसेन। शहर के गोपालपुर बायपास तिराहे पर मंगलवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिजली के पोल लेकर जा रहे एक नए ट्रैक्टर के पीछे चल रही कार पोलों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल कार के अगले हिस्से को चीरते हुए पीछे तक आर-पार निकल गए, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार भोपाल निवासी मित्रा शुक्ला, उनके पति और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मित्रा शुक्ला को भोपाल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर नया था और उस पर अभी पंजीयन नंबर अंकित नहीं था। ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद बिजली के पोल कार में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय निवासी मनीष मालवीय, सतीश मालवीय और नीरज लोधी की मदद से ट्रैक्टर को आगे बढ़ाकर बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के कारण कुछ देर तक भोपाल-विदिशा-रायसेन मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी हुई है।