Let’s travel together.

नो शैडो जोन पर सुविधाओं का अभाव, 21 जून को लाखों पर्यटकों के स्वागत की तैयारी अधूरी

0 76

दीवानगंज की कर्क रेखा बनी प्रदेश का प्रसिद्ध सेल्फी पॉइंट, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे पर्यटक

दीवानगंज। रायसेन जिले के दीवानगंज भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर स्थित विश्व प्रसिद्ध कर्क रेखा (Tropic of Cancer) स्थल इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। 24 घंटे यहां पर्यटक, वाहन चालक और यात्री रुककर सेल्फी लेना नहीं भूलते। प्रदेश के सबसे चर्चित सेल्फी पॉइंट के रूप में पहचान बना चुके इस स्थल पर अगले सप्ताह 21 जून को देश-विदेश से हजारों पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है, लेकिन पर्यटन सुविधाओं के अभाव ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।

पर्यटकों का कहना है कि जिस स्थान को देखने और समझने के लिए लोग सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा कर यहां पहुंचते हैं, वहां न तो पीने के पानी की व्यवस्था है, न शौचालय और न ही सुरक्षित रूप से हाईवे पार करने की कोई सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शनिवार रविवार को लाखों सैलानी कर्क रेखा पर पहुंचकर सेल्फी लेते हैं इस कारण हर सप्ताह दोनों दिन सेनानियों की काफी भीड़ लगी रहती है।

21 जून को गायब हो जाती है परछाई

कर्क रेखा स्थल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 21 जून को दोपहर लगभग 12 बजे सूर्य की किरणें 90 डिग्री के कोण पर लंबवत पड़ती हैं, जिसके कारण यहां खड़े व्यक्ति की परछाई लगभग दिखाई नहीं देती। इसी वजह से इस क्षेत्र को “नो शैडो जोन” भी कहा जाता है।

हर साल इस दुर्लभ खगोलीय घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। भूगोल की किताबों और ग्लोब पर देखी जाने वाली कर्क रेखा के वास्तविक स्थल पर खड़े होने का अनुभव पर्यटकों के लिए बेहद खास होता है।

हाईवे पार करना बना जोखिम भरा

कर्क रेखा को चिन्हित करने के लिए हाईवे के दोनों ओर लाल पत्थरों से स्मारक और चबूतरे बनाए गए हैं, लेकिन इन्हें जोड़ने के लिए न तो फुटओवर ब्रिज है और न ही सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था। तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करना पर्यटकों के लिए खतरे से खाली नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि 21 जून को यहां भारी भीड़ जुटती है, ऐसे में यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

जानकारी केंद्र की भी कमी

पर्यटकों का कहना है कि स्थल पर ऐसा कोई सूचना केंद्र, डिजिटल बोर्ड या गाइड व्यवस्था नहीं है जो कर्क रेखा के वैज्ञानिक, भौगोलिक और ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जानकारी दे सके। अधिकांश लोग केवल फोटो खिंचवाकर लौट जाते हैं।

पृथ्वी की पांच प्रमुख अक्षांश रेखाओं में शामिल है कर्क रेखा

कर्क रेखा उत्तरी गोलार्ध में भूमध्य रेखा के समानांतर लगभग 23 डिग्री 26 मिनट अक्षांश पर स्थित एक काल्पनिक रेखा है। यह पृथ्वी की पांच प्रमुख अक्षांश रेखाओं में से एक मानी जाती है। 21 जून को सूर्य इस रेखा के ठीक ऊपर होता है, जिसके कारण उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे लंबा दिन और सबसे छोटी रात होती है।

पर्यटकों की मांग

पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों ने पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि 21 जून से पहले पेयजल व्यवस्था की जाए,सुलभ शौचालय बनाए जाएं,हाईवे पार करने के लिए सुरक्षित व्यवस्था हो,सूचना एवं व्याख्या केंद्र स्थापित किया जाए,बैठने और छायादार विश्राम स्थल बनाए जाएं,सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए जाएं।

रायसेन जिले का सबसे चर्चित पर्यटन और वैज्ञानिक महत्व का स्थल हर वर्ष हजारों लोगों को आकर्षित करता है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में इसकी चमक फीकी पड़ रही है। 21 जून को जब देश-विदेश से पर्यटक “नो शैडो जोन” का अनोखा नजारा देखने पहुंचेंगे, तब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए कितनी तैयारी करता।

हमने कर्क रेखा का नाम कई वर्षों से सुन रखा है हम सेल्फी लेने के लिए यूपी से यहां पर आए हैं लेकिन यहां पर वह सुविधा नहीं मिली जो सुविधा मिलना चाहिए कर्क रेखा पर वॉशरूम, पानी और छाया तीनों की कमी है।

शुभम साहू पर्यटक यूपी

हमने किताबें और टीवी चैनलों पर कर्क रेखा का नाम काफी वर्षों से सुनते चले आ रहे हैं हमने पढ़ा है कि 21 जून को छाया भी अपना साथ छोड़ देता है हम एक सप्ताह पहले कर्क रेखा पर पहुंचकर सेल्फी ली लेकिन यहां पर ऐसी कोई सुविधा नहीं है जिससे कर्क रेखा की विस्तृत जानकारी मिल सके यहां पर पर्यटन विभाग को कर्क रेखा की विस्तृत जानकारी के लिए व्यवस्था करना चाहिए।

मनोज शर्मा पर्यटक कर्नाटक

Leave A Reply

Your email address will not be published.

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जीएमसी एवं हमीदिया चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण     |     उपमुख्यमंत्री ने टीबी उन्मूलन के लिए JOSH (जॉइंट स्क्वॉड फ़ॉर हेल्थ) टीम का किया शुभारंभ     |     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने श्री ताहिर अली को 73वें जन्मदिवस पर दी शुभकामनाएँ     |     उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 11 वीं राज्य स्तरीय TNAI कांफ्रेंस-2026 का किया उद्घाटन     |     पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में शिक्षा में AI के प्रयोग पर वाद-विवाद प्रतियोगिता     |     नागौरी की पहाड़ी पर बिखरी हजारों साल पुरानी विरासत, संरक्षण के इंतजार में ऐतिहासिक शैलचित्र     |     निकाय स्तरीय कब्बडी प्रतियोगिता का आयोजन     |     पेंशनर महासंघ जिला उज्जैन के निर्वाचन संपन्न,राजकुमार जोशी जिला अध्यक्ष बने     |     ट्रक की टक्कर से बिजली केबल टूटी, हाईवे पर गिरी चालू लाइन; एक घंटे तक तार के ऊपर से गुजरते रहे वाहन     |     बंदरों के आतंक से स्कूल में सहमे बच्चे, छत की सीमेंट चादर-कवेलू तक फोड़ रहे बंदर     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811