सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में शाखा प्रबंधक ग़ैरतगंज के पद पर 42 वर्षों का सफल एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल पूर्ण करने के उपरांत गिरीश सक्सेना सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में नगर के जेपी पैलेस में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, बैंक कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने सहभागिता कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान उपस्थितजनों ने श्री सक्सेना का तिलक लगाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर तथा शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने गैरतगंज सहकारी बैंक में लगभग 25 वर्षों तक सेवाएं प्रदान कीं और किसानों तथा आम नागरिकों की बैंकिंग संबंधी समस्याओं के समाधान में सदैव तत्पर रहे। वक्ताओं ने कहा कि श्री सक्सेना ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण से बैंकिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके सहज व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें क्षेत्र में विशेष पहचान दिलाई। विदाई समारोह में उनके परिजन, नगर के गणमान्य नागरिक, मीडियाकर्मी, सेवा सहकारी समितियों के कर्मचारी एवं अन्य सामाजिकजन उपस्थित रहे। सभी ने उनके दीर्घ एवं सफल सेवाकाल की सराहना करते हुए स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए सुगम संगम संगीत क्लब के कलाकारों ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। भावनात्मक माहौल के बीच आयोजित यह समारोह श्री सक्सेना के सम्मान और उनके प्रति लोगों के स्नेह का प्रतीक बन गया।