-खनन माफियाओं में हड़कंप,लगातार शिकायतों के बाद रात में हुई कार्रवाई
दीवानगंज चौकी में खड़ा कराया वाहन; पहले भी हो चुकी हैं जब्ती की कार्रवाइयां
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ माइनिंग विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बरजोरपुर रोड पर एक डंपर जब्त कर लिया। जब्त वाहन को दीवानगंज पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है, जबकि मामले की आगे की जांच और कार्रवाई माइनिंग विभाग द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार दीवानगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध खनन का कारोबार लंबे समय से संचालित होने की शिकायतें विभाग को लगातार मिल रही थीं। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा भी कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया था। शिकायतों के आधार पर माइनिंग विभाग ने विशेष निगरानी शुरू की और शनिवार रात कार्रवाई करते हुए एक डंपर को पकड़ लिया।
सूत्रों के मुताबिक वाहन में खनिज परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अनियमितता की आशंका के चलते वाहन को जब्त कर पुलिस चौकी में सुरक्षित रखा गया है। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि खनिज का उत्खनन और परिवहन वैध अनुमति के तहत किया जा रहा था या नहीं।

पहले भी हो चुकी हैं कार्रवाइयां
यह पहली बार नहीं है जब माइनिंग विभाग ने क्षेत्र में कार्रवाई की हो। इससे पहले भी विभाग द्वारा अवैध खनन और परिवहन में लगे कई वाहनों को जब्त किया जा चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार पूरी तरह नहीं थम पाया है, जिससे विभाग की चुनौती लगातार बनी हुई है।
खनन माफियाओं में मचा हड़कंप
रात में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन और परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विभाग और भी सख्त कार्रवाई कर सकता है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
क्षेत्रवासियों ने माइनर विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नियमित रूप से जांच और कार्रवाई होती रही तो क्षेत्र में अवैध खनन पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकेगा।
पुलिस वर्जन
रात को माइनिंग विभाग के अधिकारियों ने करवाई की है। इस दौरान एक मुरम से भरा डंपर जप्त कर दीवानगंज पुलिस चौकी में खड़ा करवा दिया है आगे की कार्रवाई जारी है।
सुनील शर्मा दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी