रामभरोस विश्वकर्मा मंडीदीप/ओबेदुल्लागंज रायसेन
ओबेदुल्लागंज क्षेत्र के ग्राम बील खेड़ी के पास स्थित कांति वेयरहाउस में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां हजारों टन गेहूं खुले में रखा हुआ था, जो हाल ही में हुई बारिश के बाद पूरी तरह भीग गया। बताया जा रहा है कि पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण अनाज को सुरक्षित नहीं रखा गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कांति वेयरहाउस की अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व में भी खबरें प्रकाशित की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वेयरहाउस में तुलाई करवाने वाले सोसायटी संचालक अनिल सेन की ओर से भी इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई।

बारिश के चलते भीगे गेहूं के खराब होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे शासन को लाखों रुपए के नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। इस मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और स्थानीय नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और भविष्य में इस तरह की लापरवाही रोकने के लिए क्या व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।