समर्थन मूल्य गेहूं खरीदी में बड़ी लापरवाही: गठानों में निकले फटे-पुराने व कम बारदाने, संस्था को लाखों का नुकसान
सी के पारे रायसेन
मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम रायसेन द्वारा प्राथमिक सहकारी संस्था बनखेड़ी केंद्र स्थित श्यामा देवी वेयरहाउस पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए लगभग 100 गठानें बारदाने की भेजी गईं। तुलाई के दौरान हम्मालों, समिति प्रबंधक ज्योति चंद्र, नामदेव पवन नामदेव एवं केंद्र प्रभारी केसर सिंह एवं ट्रक ड्राइवर की मौजूदगी में जब गठानों को खोला गया, तो उनमें भारी अनियमितता सामने आई।
जांच के दौरान एक गठान में ही 10 से 15 तक फटे-पुराने एवं अनुपयोगी बारदाने पाए गए। केंद्र प्रभारी के अनुसार, इसी प्रकार प्रत्येक गठान में 10-15 बारदाने कम या खराब निकल रहे हैं। इस हिसाब से कुल मिलाकर लगभग 1500 बारदाने कम पाए जाने की आशंका है।

एक बारदाने की कीमत करीब ₹75 से ₹80 बताई जा रही है, जिससे संस्था को लगभग ₹1,20,000 तक का नुकसान हो सकता है। गंभीर बात यह है कि खरीदी के बाद मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा फटे-पुराने बारदाने जमा नहीं किए जाते, जबकि कम बारदाने पाए जाने पर संबंधित संस्था से राशि काट ली जाती है।
केंद्र प्रभारी द्वारा इस मामले में फटे-पुराने बारदानों का पंचनामा भी तैयार कर लिया गया है। इस घटना से संस्था में नाराजगी व्याप्त है।इस प्रकार की लापरवाही न केवल संस्था को आर्थिक नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि शासन की खरीदी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।