विदिशा । पिछले 13 दिनों से 7 माह से वेतन न मिलने के कारण एस ए टी आई के कर्मचारी धरने पर बैठे हुए हैं जिससे कॉलेज का सामान्य कामकाज एवं लगभग 850 विद्यार्थियों का शैक्षणिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस हड़ताल को विदिशा के अनेक सामाजिक संगठन, व्यापार महासंघ एवं अन्य संगठनों का भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ है, परंतु प्रबंधन एवं शासन की ओर से अभी तक किसी कार्यवाही की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
दो दिन के अवकाश के बाद मंगलवार तक कुछ समाधान होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।कर्मचारियों का कहना है कि यदि मंगलवार तक कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है तो इस प्रदर्शन को संस्था परिसर के बाहर विदिशा शहर की सड़कों पर जन समर्थन के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। इस भीषण गर्मी में धरना प्रदर्शन में बैठे हुए कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है लेकिन प्रबंधन कर्मचारियों की कोई सुध नहीं ले रहा है जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।