मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची ब्लॉक के दीवानगंज क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला गोसाई मोहल्ला का है, जहां देर रात अज्ञात चोर एक डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद वाहन मालिक राहुल गिर ने दीवानगंज चौकी में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी दीवानगंज, अंबाडी और सेमरा क्षेत्रों से कई मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी हैं, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द चोरों तक पहुंचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीण परेशान है।
इससे पहले कस्तूरी वाटिका से भी दो मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी जिनका सुराग अभी तक नहीं लग पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।