साँची रायसेन ।साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय के बौद्ध दर्शन स्कूल एवं अंतरराष्ट्रीय बौद्ध दर्शन स्कूल में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव राम जी अंबेडकर की जयंती उत्साह पूर्वक और गरिमामय वातावरण में मनाई गई।

विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्राध्यापकगण, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलसचिव डॉ. रामनिवास गुप्ता ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। तत्पश्चात बौद्ध अध्ययन विभाग में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों ने बुद्ध वन्दना प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिकता और शांति से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सहभागियों ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष, शिक्षा, सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के ऐसे युगद्रष्टा थे जिन्होंने समाज के वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का मार्ग दिखाया।
विश्वविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया।