पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध भूसा परिवहन करते ट्रक पकड़ा, न्यायालय के आदेश से गढ़ी गौशाला में कराया ख़ाली
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील अंतर्गत देहगांव पुलिस ने अवैध रूप से भूसा परिवहन कर रहे एक ट्रक को पकड़कर प्रभावी कार्रवाई की है। प्रशासन द्वारा भूसा परिवहन पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर यह कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र के भूसा व्यापारियों में ख़ौफ़ है।
जानकारी के अनुसार, जिले के कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा स्पष्ट आदेश जारी किए गए हैं कि बिना अनुमति जिले से बाहर भूसा परिवहन नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में 30 मार्च को गैरतगंज के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अंकित जैन क्षेत्र में निरीक्षण पर थे। इसी दौरान देहगांव थाना क्षेत्र के बिशनखेड़ा गांव के मुख्य मार्ग पर एक भूसे से भरा ट्रक देखा गया, वाहन चालक से परिवाहन की अनुमति मांगी गई।
जांच में पाया गया कि ट्रक क्रमांक RJ-09 GE 4914 में ग़ैरतगंज के भानपुरगंज गांव से लाया गया मसूर का भूसा लोड था, जिसे भोपाल की ओर ले जाया जा रहा था। ट्रक में लगभग 150 क्विंटल से अधिक मसूर का भूसा भरा हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई गई है।
देहगांव पुलिस ने नायब तहसीलदार योगेश्वर भारतीय की लिखित कार्रवाई के आधार पर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालक अदनान खां निवासी ललरिया के ख़िलाफ़ प्रकरण दर्ज किया। यह कार्रवाई बीएनएस भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत की गई, जिसके अंतर्गत प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करने पर एक माह से छह माह तक की सज़ा या जुर्माने का प्रावधान है।
पुलिस ने कार्रवाई कर गैरतगंज न्यायालय में पेश किया, जहां माननीय मजिस्ट्रेट के आदेश पर ट्रक में भरे मसूर के भूसे को ग्राम पंचायत गढ़ी स्थित कामधेनु गौशाला में खाली कराया गया।
इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। स्थानीय पशुपालकों, गौशाला संचालकों और बुद्धिजीवियों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि बाहरी व्यापारी अधिक कीमत देकर भूसा खरीद ले जाते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर चारे की भारी कमी हो जाती है और मवेशियों को खिलाने में गंभीर परेशानी आती है।
प्रशासन की इस सख्ती से अवैध भूसा परिवहन करने वालों में भय का माहौल बना है। एसडीएम अंकित जैन और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और शासन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाइयों से अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगेगी और क्षेत्र में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
देहगांव थाने में पदस्थ एएसआई वली मोहम्मद ने बताया कि अवैध भूसा परिवहन करते हुए पुलिस ने एक ट्रक पर कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया था जहां से भूसा गढ़ी गौशाला में खाली करने का आदेश किया है न्यायलय के आदेश का पालन करते हुए भूसा गौशाला में ख़ाली करा दिया है।