भोपाल से सुनील सोन्हिया की रिपोर्ट
अंतरंग कल्चरल एवं वेलफेयर सोसाइटी, भोपाल द्वारा आनंद धाम परिसर में नृत्य नाटिका “तू ही शक्ति तू ही नारी” का सफल मंचन किया गया। इस प्रस्तुति का निर्देशन सीमा मोरे ने किया, जबकि सह-निर्देशन संघ रत्ना बनकर का रहा।

नाटिका में दिव्या जाटव, काव्या बावसकर, खुशबू सोनी, मान्यता मिश्रा, यज्ञ शुक्ला, मयंक बंसल, लकी डावर और अनुज जोशी ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस नृत्य नाटिका में नवदुर्गा शक्ति एवं शिव स्तुति के माध्यम से माँ दुर्गा के नौ स्वरूप—माँ शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री—की महिमा का सुंदर वर्णन प्रस्तुत किया गया। प्रत्येक रूप के माध्यम से साहस, शक्ति, ज्ञान और सकारात्मकता का संदेश दिया गया।

प्रस्तुति के जरिए यह बताया गया कि माँ दुर्गा के ये स्वरूप हमें जीवन की हर चुनौती का सामना करने की प्रेरणा देते हैं और हमारी आंतरिक शक्ति को पहचानने का संदेश देते हैं। नाटिका ने दर्शकों को भक्ति, ऊर्जा और आत्मविश्वास से भर दिया।
कार्यक्रम के अंत में माँ दुर्गा से प्रार्थना की गई कि वे सभी को अपनी अनंत शक्ति प्रदान करें और जीवन में सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें। यह नाटिका अपने विषय और उद्देश्य को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए दर्शकों के उत्साह को बढ़ाने में सफल रही।