सी के पारे हरदा
जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार शाम किसान अधिकार आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 18 मार्च को मुख्यमंत्री के हरदा आगमन के दौरान कांग्रेस द्वारा चना, मक्का और गेहूं की एमएसपी पर खरीदी सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर आंदोलन किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री 18 मार्च को हरदा में कृषि मेले और जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग का लोकार्पण करने आ रहे हैं। इसी दिन कांग्रेस किसानों के मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन करेगी और सरकार से समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी सुनिश्चित करने की मांग उठाएगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गांव-गांव जाकर किसान भाइयों से संपर्क किया जाए और उन्हें आंदोलन से जोड़ा जाए। साथ ही किसानों की समस्याओं को लेकर विभिन्न गांवों में किसान चौपाल भी आयोजित की जाएगी, जिससे सरकार पर किसानों के हित में निर्णय लेने का दबाव बनाया जा सके। बैठक में जिला कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत डाले भी उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर किसानों के हक की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।