मां कर्मा जयंती पर सुल्तानगंज में सियासी एकता की झलक, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह और विधायक देवेंद्र पटेल एक मंच पर
सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज में मां कर्मा जयंती का पर्व साहू समाज ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता एक ही मंच पर नजर आए।
सुल्तानगंज में साहू समाज द्वारा मां कर्मा जयंती के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान मां कर्मा की आकर्षक झांकी सजाकर नगर के मुख्य मार्गों से ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने “मां कर्मा की जय” के जयकारों के साथ पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।

शोभायात्रा के बाद साहू धर्मशाला परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां कर्मा का पूजन-अर्चन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक देवेंद्र पटेल और पूर्व विधायक तथा भाजपा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत एक ही मंच पर नजर आए।

दोनों नेताओं ने मां कर्मा के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए समाज को एकता और सेवा का संदेश दिया। इस दौरान विधायक देवेंद्र पटेल ने साहू समाज की धर्मशाला निर्माण के लिए राशि देने की घोषणा की। वहीं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने मंच से आग्रह करते हुए कहा कि धर्मशाला के लिए और अधिक राशि दी जाए और क्षेत्र के विकास के लिए वे विधायक के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं।

कार्यक्रम में कथा वाचक देवी रागिनी पाराशर ने भी मां कर्मा के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। अंत में साहू समाज के जिला उपाध्यक्ष मुन्नालाल साहू ने सभी अतिथियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया।