रामभरोस विश्वकर्मा, ओबेदुल्लागंज रायसेन
ग्राम अगरिया में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने पहुंचकर ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद किया और विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रियंक कानूनगो ने कहा कि सरकार हर संभव प्रयास कर रही है!ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से वंचित न रखा जाए तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

यह कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद, जिला भोजपुर (मध्यभारत प्रांत) की अपील पर आयोजित किया गया। इस दौरान धर्मांतरण से जुड़ी शिकायतों, ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रहे भ्रम, प्रलोभन एवं दबाव जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्य महोदय ने संवैधानिक अधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता एवं मानवाधिकारों के वास्तविक स्वरूप पर तथ्यपरक एवं विधिक जानकारी दी।

प्रमुख बिंदु:
शिक्षा से संबंधित समस्याओं के समाधान पर जोर
धर्मांतरण से जुड़े मामलों में विधिक प्रक्रिया की जानकारी
झाड़-फूंक एवं अंधविश्वास के नाम पर हो रहे शोषण के प्रति
जागरूकता शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इस पर विशेष बल दिया गया
कार्यक्रम में एसडीएम चंद्रशेखर श्रीवास्तव, एसडीओपी श्रीमती शीला सुराणा, थाना प्रभारी सतलापुर विजय त्रिपाठी, थाना प्रभारी गौहरगंज महेश कुमार टांडेकर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही विहिप के जिला मंत्री सुरेंद्र कीर ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयोग के सदस्य का यह दौरा ग्रामीणों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।
अंत में विश्व हिंदू परिषद, जिला भोजपुर ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे विधिक एवं संवैधानिक जानकारी प्राप्त कर समाज में जागरूकता, सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाए!