स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की अभूतपूर्व प्रस्तुति
विजी लवानिया गौहरगंज, रायसेन
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर खुले आकाश के सान्निध्य में ग्लोबल स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस ने 77वें गणतंत्र दिवस को भावपूर्ण देशभक्ति संगीत संध्या के रूप में मनाया। विद्यालय के सात वर्षों की मूल्य आधारित यात्रा और 77 वर्षों के गणतंत्र की भावना का एक सशक्त और शांत संगम देखा गया।
तीन घंटे के लगभग चले इस आयोजन में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति, नृत्य और मंचीय अभिव्यक्तियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभाव से भर दिया। ठंडी रात के बावजूद अभिभावक और अतिथि कार्यक्रम के अंत तक जुड़े रहे।

इस संध्या की विशेष पहचान रही छात्र प्रतिभा प्रदर्शनी, जहाँ विज्ञान, कला और पर्यावरण चेतना एक साथ दिखाई दी। विज्ञान क्लब द्वारा प्रस्तुत पाम्बन ब्रिज का लघु मॉडल, अमृतवारी जैसी नवाचार प्रोजेक्ट, जिसे IIT मुंबई द्वारा मूल्यांकन हेतु चयनित किया गया है, बच्चों की वैज्ञानिक सोच और संभावनाओं को दर्शाते रहे। इको क्लब द्वारा वर्ष भर तैयार किए गए फूलों और गोमय से बने दीये, धूपबत्तियाँ और बोंसाई वाटिका पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता का सुंदर उदाहरण बने।

कला प्रदर्शनी में संविधान आधारित 12 विशेष पेंटिंग्स के साथ मंडला, मधुबनी, गोंड, वर्ली आर्ट, पेन और पेंसिल स्केच जैसी विविध भारतीय कला शैलियों में बनी रचनाएँ बच्चों की मेहनत, धैर्य और कल्पना की कहानी कहती रहीं। इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय स्टॉफ व छात्रों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों, समर्पण और परिश्रम के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनकी सफलता का अभिनंदन है बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा और उत्साह का स्रोत भी है। यह संपूर्ण संध्या एक सांस्कृतिक समागम थी, जहाँ संगीत, विज्ञान, कला, संस्कार और देश प्रेम स्वाभाविक रूप से एक-दूसरे से जुड़े दिखाई दिए।