सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के कस्बा गढ़ी के दशहरा मैदान में सोमवार को सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सनातन धर्म के अनुयायियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का परिचय दिया। सम्मेलन के अवसर पर राम जानकी मंदिर बस स्टैंड से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा ग्राम के विभिन्न मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान पहुँची, जहां श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्ति भाव के साथ सहभागिता की। पूरे ग्राम में धार्मिक वातावरण बना रहा।

दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पूनम बहिन के आशीर्वचन प्राप्त हुए, वहीं सेवा भारती मध्य भारत प्रांत के संगठन मंत्री सुरेंद्र सोलंकी ने उपस्थित जनसमूह को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सनातन संस्कृति की महत्ता, सामाजिक समरसता और सेवा भावना पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती की गई, जिसके पश्चात सकल हिंदू समाज द्वारा सामूहिक भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। सभी उपस्थित जनों ने एक साथ भोजन कर सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया। आयोजन समिति सकल हिंदू समाज उपखंड गढ़ी ने बताया कि ग्रामवासियों और समाज के सभी वर्गों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन के माध्यम से सनातन संस्कृति को सुदृढ़ करने और समाज को संगठित करने का संदेश दिया गया।