हिन्दू सम्मेलन में पंच परिवर्तन का आह्वान,संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजनों की श्रृंखला में जुझारपुर में हुआ कार्यक्रम
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित हिन्दू सम्मेलन शुक्रवार को गैरतगंज खंड के जुझारपुर मंडल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक, स्वयंसेवक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। सम्मेलन के मुख्य अतिथि संत सोमदेव महाराज रहे। उन्होंने अपने आशीर्वचनों में कहा कि सनातन संस्कृति समाज को एक सूत्र में बांधने की शक्ति रखती है। उन्होंने धर्म, संस्कार और सेवा को जीवन का आधार बताते हुए सामाजिक एकता और नैतिक मूल्यों के पालन पर जोर दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सह जिलाकार्यवाह महेश मेहर ने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर समाज को पंच परिवर्तन का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक शिष्टाचार ये पांचों परिवर्तन यदि समाज के व्यवहार में उतरें, तो देश को परम वैभव तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि परिवार में संस्कारों का संवर्धन, समाज में समरसता, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, स्वदेशी उत्पादों का उपयोग और सार्वजनिक जीवन में शिष्टाचार यही सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं।
सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विचारों को आत्मसात करने और समाजहित में योगदान देने का संकल्प लिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया।