गैरतगंज के डुंगरिया में 80 वर्षीय वृद्ध की नृशंस हत्या, पुरानी रंजिश में युवक ने वारदात को दिया अंजाम
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के ग्राम डुंगरिया में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 25 वर्षीय युवक ने पुरानी रंजिश के चलते खेत के टपरे में सो रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान नारायण सिंह लोधी 80 वर्ष के रूप में हुई है, जो अपने दामाद जुगराज लोधी के खेत पर बने टपरे में रखवाली के लिए रुके थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी यशपाल आदिवासी 25 वर्ष और मृतक के बीच कुछ दिनों पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने देर रात वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा गुरुवार अलसुबह हुआ जब जुगराज लोधी खेत पर पहुँचा। टपरे के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए जब आरोपी यशपाल, बुजुर्ग नारायण सिंह की छाती पर बैठकर उनका गला दबा रहा था। बुजुर्ग के हाथ-पैर खाट से बंधे हुए थे और मुँह में पेंचकस फंसा हुआ था। जुगराज के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन तब तक नारायण सिंह की मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम सरपंच और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। थाना प्रभारी डीपी लोहिया ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी यशपाल को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम गैरतगंज सिविल अस्पताल में कराया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।