रायसेन ।केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज रायसेन जिले की सिलवानी विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीते दिनों हुई भारी बारिश से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनका दुख-दर्द साझा किया।

शिवराज ने कस्बा बम्हौरी और ग्राम पड़रिया खुर्द में बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को बाढ़ से हुए नुकसान का तत्काल आकलन करने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने रायसेन जिले के ग्राम गुंदरई स्थित मां कर्मा वेयरहाउसिंग में मूंग खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने मूंग की गुणवत्ता का स्वयं अवलोकन किया और वेयरहाउसिंग के अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। शिवराज ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मूंग खरीदी में किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

बम्होरी और सिलवानी के बीच भारी बारिश के कारण खेतों में भरे पानी और बर्बाद हुई फसलों का भी उन्होंने निरीक्षण किया। शिवराज ने खेतों में उतरकर किसानों के दर्द को नज़दीक से देखा और सुना। उन्होंने प्रभावित लोगों से कहा, “किसानों की चिंता मेरी अपनी चिंता है, सरकार हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ी है।” इस मौके पर पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।