रायसेन। जिले के खरगावली गांव में पानी की भारी किल्लत से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़कों पर दिखा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि गांव में पिछले एक महीने से पानी की भारी समस्या है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

खाली बर्तन बजाते हुए नाराज महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की नल जल योजना पूरी तरह से ठप पड़ी है, जिससे वे पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
महिलाओं का कहना है कि अभी तो गर्मी आई भी नहीं है की पानी की समस्या विकराल होती जा रही है, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। महिलाओं का कहना है कि हम एक महीने से पानी के लिए परेशान हैं। रोज़ाना दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो हमें बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा।”

वहीं, महिलाओं के इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन भी हरकत में आया। रायसेन एसडीएम मुकेश सिंह ने पहुंचकर महिलाओं को आश्वासन दिया कि वे खुद गांव जाकर निरीक्षण करेंगे और जल्द समाधान निकालेंगे। इस बीच रायसेन कलेक्टर ने भी भरोसा दिलाया है कि पानी की समस्या का जल्द ही निराकरण किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन अपने दावों पर कितना खरा उतरता है और क्या खरगावली गांव की महिलाओं को जल्द राहत मिलेगी या फिर उन्हें बड़े आंदोलन की राह पकड़नी पड़ेगी।