शिक्षक राष्ट्र एवं समाज के निर्माण की मुख्य धुरी
– 200 से ज्यादा शिक्षकों का सम्मान हुआ
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका है। वे राष्ट्र एवं समाज के निर्माण की मुख्य धुरी हैं। वे सतत कार्यशील रहकर देश समाज के नव निर्माण में अपना योगदान देवें। मप्र सरकार शिक्षा एवं शिक्षकों के हितों के प्रति लगातार काम कर रही है।

यह बात रायसेन जिले के देवनगर में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विधानसभा स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कही। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमनारायण विश्वकर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक सहित अन्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन कुशवाहा गार्डन में किया गया जहां दो सौ से ज्यादा सेवानिवृत्त एवं अन्य शिक्षक, शिक्षिकाओं को अतिथियों ने पुष्पाहार पहनाकर, शाल-श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

इस अवसर पर केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने कहा कि भारत के प्रथम उप राष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ.राधाकृष्णन के जन्मदिवस शिक्षकों के सम्मान में प्रतिवर्ष शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा और ज्ञान को जीवन का सबसे सशक्त आधार मानते थे। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि वास्तव में देश और समाज को सही मायने में गढ़ने का कार्य शिक्षक ही करते हैं। बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और शिक्षक बच्चों को तराशकर, उन्हें शिक्षा प्रदान कर आगे बढ़ाते हैं, एक अच्छा नागरिक बनाते हैं। वास्तव में देश और समाज के निर्माण की मुख्य धुरी शिक्षक ही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक ने कहा कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए शासन स्तर से निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। नवीन शिक्षा नीति लागू की गई है। सीएम राईज स्कूल, पीएमश्री स्कूल बनाए जा रहे हैं। बच्चों को गणवेश, छात्रवृत्ति, साईकिल सहित अनेक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। वहीं शिक्षकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, उनकी कठिनाईयां दूर हो इसके लिए भी काम हो रहे हैं।

कार्यक्रम को भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन सक्सेना, आयोजक विधायक प्रतिनिधि सुंदर विश्वकर्मा, जिपं सदस्य उषा सोनू मीणा, विदिशा के भाजपा नेता रामनारायण विश्वकर्मा, बीईओ आरआर सिंह, प्राचार्य आरडी साहू, बीआरसीसी आलोक राजपूत, प्रभारी बीएसी मनोज नायक एवं बीपी जोशी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता सोनू मीणा, नीलम चंद्रवंशी, पूर्व सरपंच सुषमा श्रीवास्तव, रविन्द्र यागिक, शिक्षक मुकेश ओड, अध्यापक संघ के संभागीय अध्यक्ष दर्शन ओड, अरविंद राय, साक्षरता समन्वयक शिवराज यादव, बीएसी लीलाधर खंगार, वरिष्ठ नेता भैयालाल अग्रवाल, गौरीशंकर साहू, माखन खत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा अधिकारी सहित तहसील भर से आए शिक्षक, शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।