गंधवानी । थाना क्षेत्र के ग्राम जीराबाद में शनिवार को अनाज व्यापारी के साथ दिनदहाड़े लूटपाट की गई। गर्दन पर धारदार हथियार रखकर व्यापारी के साथ बदमाशों ने मारपीट की तथा रुपयों से भरा बैग छीनकर रफूचक्कर हो गए। बैग में एक लाख 30 हजार रुपये थे।
बताया जा रहा है कि मनावर निवासी अनाज व्यापारी असलम मंसूरी प्रति शनिवार को जीराबाद में साप्ताहिक हाट बाजार में अनाज की खरीदी करने जाते हैं। शनिवार सुबह करीब नौ बजे तीन बाइक पर सवार होकर आठ बदमाशों ने व्यापारी के गर्दन पर धारदार हथियार रखा तथा उनके मारपीट की और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। व्यापारी के मजदूर कालू निवासी मनावर का मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। मामले की जानकारी जीराबाद पुलिस चौकी प्रभारी अनूप बघेल को दी गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली
फरियादी व्यापारी असलम मंसूरी ने बताया कि मैं दुकान पर बैठा था कि बाइक से आए सात से आठ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। मारपीट कर बैग में रखे एक लाख 30 हजार रुपये छीनकर ले गए। पुलिस जांच में जुट गई है। मामले में गंधवानी व जीराबाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिससे कुछ सुराग मिल सके। क्षेत्र में पल्ली व्यापारियों के साथ लूटपाट की घटनाएं आए दिन बढ़ती जा रही है।
छोटे अनाज व्यापारी हाट बाजार के दिन अनाज खरीदी करने के लिए विभिन्न गांवों में जाते हैं। व्यापारियों के पास अनाज खरीदी करने के लिए नकद रुपये होते हैं। बदमाश इसी बात का फायदा उठाकर हाट बाजार में ध्यान रखकर अनाज व्यापारियों से लूटपाट कर लेते हैं। पिछले दिनों भी इस प्रकार की कई घटनाएं गंधवानी क्षेत्र में हो चुकी हैं। इससे छोटे व्यापारी अब परेशान हो गए हैं एवं बाजार में दुकान लगाने को लेकर चिंतित हैं।