बुरहानपुर। शहर के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। पुलिस सुरक्षा के बीच इंदौर के मंगलिया से सुबह निकले पेट्रोल-डीजल के नौ टैंकर मंगलवार शाम चार बजे जिले की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं। अगले एक से डेढ़ घंटे में ये टैंकर पेट्रोल पंपों में खाली हो जाएंगे।
इसके बाद पंपों से पेट्रोल का वितरण शुरू हो जाएगा। जिले के लोगों को यह राहत कलेक्टर भव्या मित्तल के प्रयासों से मिल सकी है। दरअसल ट्रक और बस चालकों की हड़ताल के बीच लोगों में फैली पेट्रोल खत्म होने की अफवाह ने सोमवार सुबह से शहर के पेट्रोल पंपों में अफरा तफरी का माहौल पैदा कर रखा था।
सोमवार देर रात तक पेट्रोल पंपों में दोपहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी कतार लगी रही। बाद में पंप संचालकों ने नो पेट्रोल का बोर्ड लगा पेट्रोल वितरण का काम बंद कर दिया था। इसे देखते हुए कलेक्टर ने एएसआइ शैलेंद्र पाल के नेतृत्व में पुलिस का एक दल इंदौर रवाना किया था।
यह वहां फंसे 15 टैंकरों को लेकर मंगलवार सुबह निकला। इनमें से छह टैंकर खंडवा जिले में खाली कर दिए गए हैं। शेष नौ टैंकर शहर पहुंच गए हैं। एएसआइ शैलेंद्र पाल ने बताया कि इंदौर से निकलने के बाद सनावद और ओंकारेश्वर फाटे में हड़ताल वाहन चालकों ने टैंकरों को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन समझाने के बाद वे रास्ते से हट गए।