सांची में फूड वेन का उद्घाटन:केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव और एमपी ग्रामीण विकास के अपर सचिव आए
कृष्ण कांत सोनी
रायसेन ।भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश सिंह और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मप्र शासन के अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव ने सांची में शुक्रवार आजीविका मिशन के तहत भोजन और फूड वैन का उद्घाटन किया। इस भोजन एवं फूड वैन का संचालन ग्राम मुक्तापुर के सरस्वती स्व-सहायता समूह की हेमलता पाल ने किया। इस दौरान कलेक्टर अरविंद दुबे, जिला पंचायत सीईओ अंजू भदौरिया ने जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विभाग और आजीविका मिशन के तहत संचालित गतिविधियों से अवगत कराया गया।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश सिंह ने हेमलता पाल और समूह की अन्य दीदियों से भी चर्चा कर समूह द्वारा संचालित की जा रही गतिविधियों, आमदानी आदि के संबंध में जानकारी ली। हेमलता पाल ने बताया कि उन्होंने भोपाल से होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। इसके पश्चात सचिव शैलेश सिंह और अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव ने सांची में ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे रूरल मार्ट का भी निरीक्षण किया। साथ ही महिलाओं से चर्चा कर रूरल मार्ट के संचालन और आय के बारे में जानकारी ली।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों से जोड़कर महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आज यहां आजीविका मिशन के तहत भोजन और फूड वैन का उद्घाटन किया गया है। इसे लेकर एक ओर जहां समूह की महिलाओं को आजीविका का साधन मिलेगा। वहीं, सांची आने वाले पर्यटक और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री भी मिलेगी। इस कार्य के लिए महिलाओं ने भोपाल में प्रशिक्षण भी प्राप्त किया गया। स्व-सहायता समूहों की अनेक महिलाओं ने सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। इस अवसर पर डीपीएम एम.रजा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।