भोपाल। वेडिंग रिसेप्शन से एक दिन पहले रिंग सेरेमनी होना आम बात है। पर अब रिंग सेरेमनी के साथ मेहंदी लगाने की रस्म भी उत्सव बन गई है। यंग जनरेशन फ्रेंड सर्किल के साथ मेहंदी सेलिब्रेशन मनाने लगी है। परंपरागत मेहंदी के साथ अब थ्री डी ब्राइडल मेहंदी का नया ट्रेंड शुरू हो गया है। दुल्हन चाहती है कि मेहंदी उत्सव के साथ दो दिनी वेडिंग सेलिब्रेशन की शुरूआत हो ताकि जीवन के यह सबसे खूबसूरत क्षण हमेशा याद रहे।
कहावत है कि दुल्हन की मेहंदी जितनी गहरी रचेगी, पति उतना ही अधिक स्नेह देंगे। यह कहावत अब थोड़ी से बदल गई है। अब कहा जाने लगा है कि मेहंदी जितनी स्टाइलिश होगी पति उतना प्रसन्न होगा। स्टाइलिश मेहंदी डिजाइनर निशा उधानी बताती हैं कि मेहंदी को उत्सव बनाने के साथ अब ट्रेडिशनल मेहंदी के रंग भी बदल रहे हैं। पहले केवल अरेबिक मारवाड़ी एवं इंडो वेस्टर्न आदि ही पसंद की जाती थी। अब दुल्हन के लिए विशेष ब्राइडल थीम पसंद की जा रही है। दुल्हन बेक हैंड, क्रिऐटिव, डिजाइनर एवं फ्लावर डिजाइन पसंद कर रही हैं।
थ्रीडी डिजाइन का नया ट्रेंड
रिसेप्शन से पहले इन दिनों हल्दी, मेहंदी उत्सव मनाया जा रहा है। इसे यादगार बनाने के लिए ब्राइडल मेहंदी का नया ट्रेंड शुरू हुआ है। इसे थ्री डी डिजाइन कहा जाता है। निशा के अनुसार थ्री डी डिजाइन सामान्य डिजाइन से अधिक उभर कर आती है। फुल हैंड एंड लेग मेहंदी पसंद की जा रही है। दुल्हन के हाथों पर अपना एवं दूल्हे का नाम भी मेहंदी से लिखाए जा रहे हैं। निशा के अनुसार पिया के नाम की मेहंदी के साथ रिसेप्शन में पहने जाने वाले डिजाइनर कपड़े दुल्हन की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। यही कारण है किमेहंदी अब उत्सव का रूप ले रही है। मेहंदी उत्सव में दुल्हन की सहेलियां एवं रिश्तेदार भी अलग-अलग प्रकार की मेहंदी लगा रहे हैं।
तीज एवं ट्रेवल मेहंदी भी पसंद
नव विवाहिताएं अब विवाह के बाद पड़ने वाली पहली तीज पर विशेष प्रकार की फ्लोरल डिजाइन मेहंदी लगवा रही हैं। कुछ परिवारों में तीज के बाद पति, पत्नी घूमने जाते हैं। ऐसे समय में युवतियां ट्रेवल मेहंदी लगवा रही हैं ताकि यात्रा और भी सुखद और यादगार बन जाए। इंडियन ब्राइडल एवं इंडो अरेबिक जैसी ट्रेडिशनल मेहंदी भी लुभा रही है।
मेहंदी से निकल रहे हैं खुशियों के रंग
महिलाओं के सोलह श्रंगार में शामिल मेहंदी का नया ट्रेंड युवतियों को लुभा रहा है। ब्राइडल लुक को लेकर युवतियां बहुत उत्साहित रहती हैं। ऐसे समय में मेहंदी की विशेष डिजाइन उनके विशेष दिन यानी वेडिंग रिसेप्शन को खुशनुमा बना देती हैं। समय के साथ मेहंदी का ट्रेंड बदला है। मेहंदी लगाने के दिन को मेहंदी सेलिब्रेशन डे के रूप में मनाया जा रहा है।
– निशा उधानी, डिजाइनर मेहंदी आर्टिस्ट
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.