बालमपुर और बेरखेड़ी चौराहे पर सजीं त्योहारी सामान की दुकानें, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, दीयों, पटाखों और मिठाइयों की हो रही खरीदारी
ऑनलाइन शॉपिंग से कॉस्मेटिक कारोबार में 30 फीसदी तक गिरावट
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। हाट बाजारों में खरीदारी के लिए आसपास के गांवों से ग्रामीण पहुंच रहे हैं। बाजार में सजी रंग-बिरंगी दुकानों और नई-नई तरह की आकर्षक वस्तुओं ने लोगों का ध्यान खींचा है। किसानों की फसलें बाजार में आने और अधिकारियों-कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन मिलने के चलते व्यापारियों को धनतेरस पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
दीपावली से पहले बेरखेड़ी ,बालमपुर और सलामतपुर में साप्ताहिक हाट बाजार भरेगा। इसमें आसपास के करीब 40 गांवों के ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचेंगे। इसे देखते हुए व्यापारी पहले से ही अपनी दुकानें सजाने में जुट गए हैं। बालमपुर और बेरखेड़ी चौराहे के हाट बाजार में सुबह से ही व्यापारी दुकानें लेकर पहुंचने लगे हैं। जिन व्यापारियों को दुकान लगाने के लिए जगह नहीं मिली, उनके लिए बाजार ठेकेदार ने अतिरिक्त व्यवस्था करवाई।

लक्ष्मी-गणेश, दीये और पटाखों की मांग
बालमपुर और बेरखेड़ी चौराहे के बाजार में दीपावली से जुड़ी सामग्री की दुकानें सज गई हैं। यहां लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, मिट्टी के दीये, पशुओं को सजाने का सामान, पटाखे, मिठाइयां, कपड़े, बर्तन, गहने और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी हो रही है। बच्चों में फुलझड़ी और छोटे पटाखों को लेकर खास उत्साह दिखाई दे रहा है। वहीं, ग्रामीण परिवार दीपावली की तैयारियों के लिए जरूरी सामान खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं।
पटाखा दुकानों के लिए अलग स्थान तय
पिछले वर्षों में बेरखेड़ी चौराहे पर पटाखे की दुकान में आग लगने से कई व्यापारियों की दुकानें जलकर राख हो गई थीं। इस घटना को देखते हुए इस बार दीवानगंज,बालमपुर और बेरखेड़ी चौराहे के हाट बाजार में पटाखों की दुकानों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया है, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

भीड़ के बावजूद कारोबार में 30 फीसदी गिरावट
बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ने के बावजूद कुछ दुकानदार बिक्री से संतुष्ट नहीं हैं। कॉस्मेटिक सामान बेचने वाले व्यापारियों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार करीब 30 फीसदी तक बिक्री कम हुई है। उनका मानना है कि ऑनलाइन शॉपिंग का बढ़ता चलन इसका प्रमुख कारण है। लोग बाजार में पहुंच तो रहे हैं, लेकिन पहले की तरह दुकानों से खरीदारी नहीं कर रहे हैं।
दिनभर जाम से परेशान हुए वाहन चालक
त्योहारी खरीदारी के चलते बालमपुर , सलामतपुर और बेरखेड़ी चौराहे के बाजारों में दिनभर भीड़ बनी रही। दुकानों, हाथ ठेलों और फुटपाथ पर सामान बेचने वालों के कारण बाजार के रास्तों पर वाहनों की रेलमपेल रही। कई बार जाम जैसी स्थिति बनने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अब व्यापारियों को धनतेरस और दीपावली के दिनों में बाजार में और अधिक ग्राहकी बढ़ने की उम्मीद है।