सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल में धूमधाम से मनाया गया दादा-दादी दिवस, नन्हे बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सी के पारे रायसेन
सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दादा-दादी दिवस (Grandparents Day) समारोह हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने दादा-दादी के प्रति प्रेम, सम्मान और आत्मीयता का भाव प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेजर सिजू टी.जे., असिस्टेंट गैरीसन इंजीनियर (ई/एम), द्रोणाचल आर्मी कैंप, भोपाल तथा विशिष्ट अतिथि रेव. सिस्टर लूसी ओएसएफ, प्रोविंशियल सुपीरियर, सेंट फ्रांसिस प्रोविंस, भोपाल उपस्थित रहीं।
समारोह का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार मंच प्रदर्शन से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से वाण्या श्रीवास्तव एवं पर्व श्रीवास्तव की भूमिका सराहनीय रही। दोनों बच्चों ने कार्यक्रम में अपनी प्रभावशाली सहभागिता और बेहतरीन प्रस्तुति से विशेष आकर्षण बिखेरा। छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लास और खुशियों से भर दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को दादा-दादी के महत्व, उनके निःस्वार्थ प्रेम, त्याग, अनुभव और पारिवारिक संस्कारों से जुड़ने का सुंदर संदेश दिया गया। दादा-दादी और नाती-पोतों के बीच स्नेह एवं आत्मीयता के भाव ने समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों में पारिवारिक मूल्यों, संस्कारों और बड़ों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने वाला बताया।
विद्यालय का यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने नई पीढ़ी को अपने बुजुर्गों के सम्मान और उनके अमूल्य योगदान का एहसास कराने का सार्थक संदेश दिया। उत्साह, उमंग और यादगार पलों के साथ समारोह संपन्न हुआ।