विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मीणा ने बच्चों और अभिभावकों से किया संवाद
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सेवा संकल्प अभियान के तहत रायसेन जिले के सांची जनपद के ग्राम रतनपुर स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। उन्होंने बच्चों, अभिभावकों तथा ग्रामीणों से संवाद किया।
साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्र में बच्चों के लिए आयोजित गतिविधियों, पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विधायक डॉ चौधरी ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी गतिविधियों, खेल आदि के बारे में पूछा।

इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सेवा का संकल्प जनभागीदारी से निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और समग्र विकास के लिए परिवार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा समुदाय की संयुक्त भूमिका महत्वपूर्ण है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ-साथ जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग अधिकारी ने अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आंगनवाड़ी केन्द्र में मिलने वाली सेवाओं के संबंध में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधी, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।