बरेली में गणेश चतुर्थी के दौरान देर रात माहौल बिगाड़ने की कोशिश,पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति को नियंत्रण में
रायसेन। जिले के बरेली में गणेश चतुर्थी के दौरान देर रात माहौल बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया। टॉकीज चौराहे और मस्जिद के पास कथित तौर पर हुड़दंग कर रहे असामाजिक तत्वों को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खदेड़ दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर प्रशासन और पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। एसडीएम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस बल टॉकीज चौराहे पर तैनात रहा, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले को लेकर राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को माहौल खराब करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में
देर रात हुई घटना के बाद पुलिस की सक्रियता के चलते स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस बल की मौजूदगी के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी भी बढ़ाई गई है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।