एक बीघा जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष, ट्रैक्टर चढ़ाने और मारपीट का आरोप; 40 वर्षीय युवक की मौत, एक घायल
सी के पारे
विदिशा। जिले के ग्यारसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मनोरा में मंगलवार सुबह महज एक बीघा जमीन को लेकर परिवार के ही सदस्यों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। खेत जोतने पहुंचे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान ट्रैक्टर चढ़ाने के आरोप भी लगे। घटना में 40 वर्षीय नीलेश रघुवंशी की मौत हो गई, जबकि खेलन सिंह घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नीलेश रघुवंशी अपने भतीजे हर्ष रघुवंशी के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने पहुंचे थे। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और जमीन जोतने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया।
नीलेश के भतीजे हर्ष रघुवंशी के अनुसार, चार लोग ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि विवाद के दौरान उनके बड़े ताऊ खेलन सिंह पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया, जिससे वह घायल हो गए। वहीं, उनके चाचा नीलेश रघुवंशी के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई। आरोपियों ने उन्हें ट्रैक्टर से धक्का भी मारा। मारपीट के दौरान नीलेश खेत में ही बेहोश हो गए।

इसके बाद दोनों घायलों को विदिशा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 40 वर्षीय नीलेश रघुवंशी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्यारसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतक नीलेश रघुवंशी के पिता नाथू सिंह रघुवंशी जगदीशपुरी मनोरा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं। परिवार के बीच एक बीघा जमीन को लेकर हुआ विवाद अब एक युवक की मौत का कारण बन गया है।
एसपी रोहित काशवानी ने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि ग्यारसपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच जमीन विवाद की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।