सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील अंतर्गत ग्राम चांदोनीगंज के समीप नदी के पुल के पास शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव नदी के पानी में तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल थाना गैरतगंज पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गैरतगंज थाना प्रभारी डीपी लोहिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गैरतगंज भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की आयु लगभग 18 से 19 वर्ष प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों एवं संबंधित विभागों को सूचना भेज रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार शव की पहचान होने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है। थाना गैरतगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान संबंधी कोई जानकारी हो अथवा हाल के दिनों में कोई युवक लापता हुआ हो, तो तत्काल थाना गैरतगंज, जिला रायसेन से संपर्क कर पुलिस की जांच में सहयोग करें।