मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
बारिश के मौसम में दीवानगंज के पहाड़ पर स्थित प्राचीन गुफा मंदिर प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत केंद्र बन गया है। चारों ओर फैली हरियाली, पहाड़ों पर लहलहाते पेड़-पौधे और ताजी हवा श्रद्धालुओं व प्रकृति प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लगभग 351 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, जिसके बाद पहाड़ की गुफा में विराजमान शंकर पार्वत जी, हनुमान जी, गणेश जी, और काली माता सहित कई भगवान के दर्शन होते हैं।
बरसात शुरू होने के बाद मंदिर परिसर का नजारा और भी मनमोहक हो गया है। पहाड़ पूरी तरह हरियाली से ढक गया है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद मिलता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से लोग परिवार सहित मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। गुफा मंदिर से देखने पर आसपास के कई गांवों के तालाब और पहाड़ काफी सुंदर दिखाई देते हैं। सबसे ज्याद भक्तों कीा भीड़ सावन सोमवार को यहां पर देखने को मिलती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षा ऋतु में गुफा मंदिर का दृश्य बेहद आकर्षक हो जाता है। सुबह और शाम के समय यहां का वातावरण शांत, ठंडा और रमणीय रहता है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या अन्य दिनों की तुलना में अधिक बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम में मंदिर तक जाने वाले मार्ग और सीढ़ियों की नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा रेलिंग तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता का अनूठा संगम बना दीवानगंज का यह गुफा मंदिर इन दिनों क्षेत्र के प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।