– पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, पौधों की देखभाल को बताया हर नागरिक का दायित्व,
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भानपुरगंज स्थित पवित्र करेला धाम माता जानकी मंदिर परिसर में बुधवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत गैरतगंज के अध्यक्ष श्री विजय पटेल ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
जनपद अध्यक्ष विजय पटेल ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, जो हमें शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करते हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी ज़िम्मेदारी समझते हुए वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

श्री विजय पटेल ने कहा एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक भावनात्मक संकल्प है। हम सभी को जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करना चाहिए। फलदार और छायादार पौधों का अधिकाधिक रोपण करें, क्योंकि ये पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज को पोषण और छाया भी प्रदान करते हैं। पेड़ों की कटाई रोकें और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू हुआ पौधरोपण अभियान निरंतर जारी है और इसे जनभागीदारी से जनआंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है।
जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणो ने किया पौधरोपण
इस अवसर पर जनपद सदस्य प्रतिनिधि राकेश श्रीवास्तव, सरपंच श्रीमती प्रीतम बाई, आरईएस के एसडीओ नरेश सिंह ठाकरे, नरेगा के एपीओ विकास खरे, नन्हेवीर उईके सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों की नियमित देखभाल और अधिकाधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया।