27 अप्रैल को गैरतगंज में गौ सम्मान दिवस, पदयात्रा, भजन-कीर्तन व ज्ञापन के जरिए करेंगे गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत 27 अप्रैल सोमवार को नगर में गौ सम्मान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और उनके संरक्षण की मांग को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत नगर में संतों के सानिध्य में पदयात्रा निकाली जाएगी।
पदयात्रा के बाद तहसील कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें गौ-सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह पूरी तरह अहिंसक जन-जागरण अभियान होगा। इसमें भजन-कीर्तन, हस्ताक्षर अभियान और जनसंपर्क के जरिए लोगों को गौ-सेवा, गौ-सुरक्षा और गौ-सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के एजेंडे में गौ-संरक्षण को प्रमुखता से शामिल कराना है। इसे जन-आंदोलन का रूप देते हुए सनातन धर्मावलंबियों सहित आम नागरिकों से परिवार सहित बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।