मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र में आगजनी की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही है। सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम बेसर कॉलोनी में गुरुवार को अज्ञात कारणों से लगी आग ने बड़ा रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि आसपास खेतों में जलाई जा रही नरवाई की आग तेजी से फैलते हुए ओमप्रकाश पिता रामचरण के घर तक पहुंच गई।
देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा पाइप, गेहूं, पलंग, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस घटना में पीड़ित परिवार को करीब 70 से 80 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग नरवाई जलाने की घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं।
पीड़ित ओमप्रकाश ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं के बावजूद कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, जिससे भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।
प्रशासन से मांग, ग्रामीणों ने प्रशासन से नरवाई जलाने पर सख्ती से रोक लगाने और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही दीवानगंज क्षेत्र में एक फायर ब्रिगेड की स्थाई रूप से तैनात करने की मांग की है ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।