समाज में समरसता, पर्यावरण संरक्षण और कुटुंब प्रबोधन का दिया संदेश, मंडल के विभिन्न गांवों के स्वयंसेवकों ने लिया भाग
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में दीवानगंज मंडल में पथ संचलन का आयोजन किया गया। इसमें दीवानगंज मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने समाज में एकता, अनुशासन और सामाजिक परिवर्तन का संदेश दिया।
पथ संचलन की शुरुआत दीवानगंज स्थित एकीकृत कन्या शाला परिसर से हुई। यहां से स्वयंसेवक निर्धारित मार्ग से होते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सोसाइटी दीवानगंज ,गणेश चौक मंदिर अंबाडी और शिव पार्वती मंदिर अंबाडी तक पहुंचे। इसके बाद पथ संचलन वापस प्रारंभिक स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभाग प्रचार प्रमुख प्रेम सिंह धाकड़ और खंड कार्यवाह अंशुल सहित संघ के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज में बदलाव का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विभाग प्रचार प्रमुख प्रेम सिंह धाकड़ ने स्वयंसेवकों को संघ के पंच परिवर्तन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन सहित पंच परिवर्तन के विषयों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और परिवारों में संस्कारों को मजबूत करने के लिए प्रत्येक स्वयंसेवक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की कड़ी में हुआ आयोजन
संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मंडल स्तर पर पथ संचलन का आयोजन किया गया। इसी क्रम में दीवानगंज मंडल में भी स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों को पंच परिवर्तन के प्रति जागरूक करना और समाज में इन विचारों को व्यवहार में लाने के लिए प्रेरित करना रहा।