भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर फिर हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी बोलेरो पिकअप, 1 महीने में 15 किलोमीटर मार्ग पर 26 हादसे
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
जानकारी के अनुसार, विदिशा से भोपाल की ओर जा रही बोलेरो पिकअप (MP 40 GA 1590) सरस्वती ढाबा वेयरहाउस के पास अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि उस समय आगे-पीछे कोई बड़ा वाहन नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चलते समय पिकअप वाहन के पहिए का पत्ता (लीफ स्प्रिंग) टूट गया, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद पिकअप में भरा सामान सड़क किनारे बिखर गया। बोलोरो पिकअप में बड़े-बड़े पत्थर भरे हुए थे वह तो गनीमत रही कि आसपास कोई वाहन नहीं निकल रहा था नहीं तो बड़ी दुर्घटना घटित हो जाती।
इस दुर्घटना के चलते हाईवे पर करीब 1 घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।।स्थानीय लोगों की मदद से पास के गांव से ट्रैक्टर बुलाया गया, जिसकी सहायता से पलटी हुई बोलेरो पिकअप को सीधा किया गया। इसके बाद ही यातायात सामान्य हो सका।
एक महीने में पांचवीं बड़ी दुर्घटना
पिछले एक महीने में 15 किलोमीटर मार्ग पर यह पांचवीं बड़ी दुर्घटना है। ट्राले, डंपर और ट्रक लगातार हाईवे 18 पर पलट रहे हैं।
ट्रैफिक बढ़ा, हादसे भी बढ़े
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुखी सेवनिया हाईवे बंद होने के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव तेजी से बढ़ा है। पहले जहां रोजाना करीब 12 हजार वाहन गुजरते थे, अब यह संख्या बढ़कर 16 से 17 हजार तक पहुंच गई है।
बालमपुर घाटी से त्रिमूर्ति चौराहे तक हादसों की भरमार
एक महीने में 12 बड़े वाहन (ट्रक, डंपर, ट्राला) हादसे का शिकार
15 से ज्यादा अन्य सड़क दुर्घटनाएं,कई लोग घायल
हाल ही में बालमपुर घाटी पर कंटेनर 20 फीट गहरी खाई में उतर गया था तो वही कर्क रेखा और बैरखेड़ी चौराहे के बीच दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसे, एक ट्रैक्टर पलट गया जबकि दूसरे में आग लग गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पानी डालकर आग बुझाई। इस घटना में भी दोनों चालक घायल हुए हैं।
इन जगहों पर भी हो चुके हैं हादसे
फॉल्कन गार्डन, दीवानगंज फैक्ट्री चौराहा, कलारी के सामने, कुलहड़िया बिजली घर, सलामतपुर चौराहा — सभी स्थान हादसों के हॉटस्पॉट बन चुके हैं।
वर्षों से सड़क चौड़ीकरण की मांग
ग्रामीण लगातार इस रोड के चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एमपी आरडीसी द्वारा ध्यान न देने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन से उठी ये मांगें
सड़क का तत्काल चौड़ीकरण
घाटी पर सुरक्षा बैरियर और साइन बोर्ड,स्पीड कंट्रोल और पुलिस निगरानी,ब्रेक फेल वाहनों के लिए सुरक्षा उपाय करना चाहिए।
अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो बालमपुर घाटी पर ऐसे हादसे और भी भयावह रूप ले सकते हैं।
लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र के लोग चिंतित हैं और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था व सड़क की स्थिति सुधारने की मांग कर रहे हैं।