– शहर के पत्रकारों के नाम रही संगीतमयी शाम
भोपाल। दशहरा मैदान टीटी नगर में चल रहे नववर्ष मेला महोत्सव में ‘एक शाम कलमकारों के नाम’ में शहर के वरिष्ठ और नामचीन कलमकार और पत्रकारों के स्टेज पर अपनी गायिकी और काव्य पाठ का हुनर पेश किया।

टीटी नगर दशहरा मैदान में जारी नववर्ष मेला महोत्सव में शनिवार को सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत नन्हीं कलाकार लावण्या चौकसे के भरतनाट्यम और तन्वी भारद्वाज की कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के साथ हुई। इसके बाद कराओके नाईट की शुरुआत पत्रकार रवि खरे के भजन तूने मुझे बुलाया शेराबालिये के साथ हुई। नव नियुक्त सूचना आयुक्त राजेश भट्ट ने जाने बहार-ए- हुस्न तेरा, सुनील सोन्हिया ने जो तुम को हो पसंद बात कहेंगे गीत से समां बांधा। इसके बाद वरिष्ठ पत्रकार एवं कलमकार राममोहन चौकसे, मनीष श्रीवास्तव, प्रबाल सक्सेना, निवेदिता व्यास, सुभाष श्रीवास्तव, विवेक सावरीकर मृदुल, महेश सोनी, शिवनारायण मीणा, सहित अन्य संवाद प्रतिनिधियों ने अपने गीतों और कविताओं की प्रस्तुति दी। मेला समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता एवं संयोजक कैलाश मिश्रा ने सभी कलमकारों का मंच पर सम्मानित किया

उल्लेखनीय है कि नववर्ष मेला महोत्सव एक तरह से शिक्षा, संस्कृति, रोजगार एवं व्यापार का पारिवारिक संगम है। जहां स्थापित द्वादश ज्योतिर्लिंग शहरवासियों को आदि देव शिव की भक्ति में रमने का सुअवसर दे रहे हैं। साथ ही यह मेला वीकेंड में परिवार के साथ खरीदारी के लिए बेस्ट डेस्टिनेशन बन गया है। यहां लगे स्टॉल्स पर खान-पान लेकर सभी तरह से एन्जॉयमेंट का पूरी व्यवस्था है।

मेले में बच्चों के लिए झूले, किड्स जोन अलग से क्रिएट किया गया है। लोग सुव्यवस्थित झूलों का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। मेला समिति के सह संयोजक वैभव सिंह सिसोदिया ने बताया कि यह मेला ग्रीष्मकाल में शहरवासियों के लिए बड़ी सौगात है, जिसका स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण आगंतुकों को खूब आकर्षित कर रहा है।