सुनील सोन्हिया की रिपोर्ट
ओरछा। धार्मिक नगरी ओरछा के रुद्राणी कला ग्राम में आगामी 23 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले पांच दिवसीय राम महोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता रामायण केंद्र भोपाल के निदेशक डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने की। बैठक में अभिनेता निर्देशक राजा बुंदेला विशेष रूप से उपस्थित थे इस दौरान उन्होंने आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं तथा समयबद्ध तैयारी पर जोर दिया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिवस नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा प्रसिद्ध राम राजा मंदिर से प्रारंभ होकर कार्यक्रम स्थल रुद्राणी कला ग्राम तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में देशभर से आए साधु-संतों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार एवं फिल्मी हस्तियां भी शामिल होंगी, जिससे आयोजन की भव्यता और आकर्षण बढ़ेगा।
बैठक में पांच दिवसीय कार्यक्रम के विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर डॉ. राम शंकर भारती, श्याम शरण नायक, सोनू चौहान, चारु तलवार, तेजभान सिंह बुंदेला, विजय पहाड़िया, साहिल राव, जगमोहन जोशी सहित आयोजन समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर राम महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।