– संत नवीन बिहारी महाराज के प्रवचन हुए
– विधायक डा. प्रभुराम चौधरी हुए शामिल
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के टेकापार कॉलोनी क्षेत्र में संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रारंभ हो गया। कथा आरंभ से पूर्व अन्नपूर्णा मंदिर बस स्टैंड से कथा स्थल मंडी रोड स्थित अंबेडकर पार्क तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए।
पूरे मार्ग में जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन में पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए। कथा प्रारंभ के अवसर पर कथा व्यास संत पं. नवीन बिहारी महाराज, विधायक डॉ. चौधरी तथा मुख्य यजमान नप उपाध्यक्ष अशोकसिंह ठाकुर एवं श्रीमती फूलबाई ठाकुर ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कथा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। हमें उनके जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और गैरतगंज की पावन भूमि को और अधिक गौरवान्वित करते हैं।

कथा व्यास पं. नवीन बिहारी महाराज ने अपने प्रवचनों में श्रीराम कथा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि रामायण का नियमित पाठ, तुलसी पूजन एवं दीपदान से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है। उन्होंने कहा कि धर्म को मानना ही नहीं, बल्कि उसे आचरण में उतारना भी आवश्यक है। मर्यादा का पालन ही मानव जीवन की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि गुड़ी पड़वा और रामनवमी जैसे पर्व अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। मनुष्य को आसक्ति छोड़कर धर्म-कर्म में लगना चाहिए। रामकथा तत्काल फल देने वाली है, जिससे मानव का कल्याण होता है। सत्संग के माध्यम से मन, बुद्धि और वाणी शुद्ध होती है तथा जीवन में नम्रता और शांति का भाव आता है। उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान के अस्तित्व पर संदेह करते हैं, वे भी अंततः सत्य को स्वीकार करने के लिए बाध्य होते हैं।

आयोजन में जनपद पंचायत अध्यक्ष विजय पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई, मंडल अध्यक्ष संजय जैन, मनोज पठ्या, हिउस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल, शेरसिंह यादव, नरेंद्र पटेल, सुरेशचंद नायक, सुभाष जैन, रामकृपाल श्रीवास्तव, जवाहर सिंह चंद्रवंशी, संतोष राय, महेंद्र तिवारी, ओंकारसिंह चंद्रवंशी, गौरीशंकर चंद्रवंशी, गुलाबसिंह यादव, तेजराम नायक, संजीव राय, प्रबंध ठाकुर, मुकेश ठाकुर, मानसिंह भूरा, निर्मल जैन, अखिल जैन, मनोज नायक, राम माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने बताया कि श्रीराम कथा 27 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन सायं 8 बजे से रात्रि 11 बजे तक आयोजित होगी। 2 अप्रैल को कन्या विवाह एवं नगर भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।